3467 पदों के लिए रोजगार मेला 30 मई को, 267 पदों का जॉब लोकेशन होगा धनबाद
एजुकेशन रिपोर्टर, धनबाद: झारखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बड़ा और सुनहरा अवसर सामने आया है। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा आगामी 30 मई को धनबाद के बरटांड़ स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय परिसर में एक विशाल ‘दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस मेले में देश-विदेश की कुल 18 नामी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जो कुल 3,467 पदों पर सीधी भर्तियां करेंगी। मेला सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगा। खास बात यह है कि इस मेले में नॉन-मैट्रिक से लेकर इंटर, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और एमबीए पास युवाओं तक के लिए शानदार मौके उपलब्ध हैं। इसमें न्यूनतम वेतन ₹9,000 से लेकर अधिकतम ₹35,000 प्रति माह तक की नौकरियां मिलेंगी।
दुबई जाने का सपना होगा सच, तकनीकी पदों की भारी मांग
इस मेले में भाग ले रही क्वेस कॉर्प लिमिटेड ने फोर्क लिफ्ट मशीन ऑपरेटर के पदों के लिए भर्ती की घोषणा की है, जिसके तहत दुबई (Dubai) के लिए 20 पद उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा तकनीकी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों जैसे एलएंडटी, टाटा, होंडा और श्नाइडर जैसी कंपनियों के वेंडर्स भी बड़े पैमाने पर युवाओं का चयन करेंगे।
लोकल स्तर पर 267 पदों पर होगी सीधी भर्ती (धनबाद-बोकारो लोकेशन)
स्थानीय युवाओं के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि मेले में करीब 7.7% पद स्थानीय यानी गृह जिले की कंपनियों के हैं। करीब 267 पदों का जॉब लोकेशन धनबाद, बोकारो और भूली ही रहने वाला है।
- युक्ति इन्फोसिस (डिगवाडीह, धनबाद): सेल्स ऑफिसर, कस्टमर रिलेशन ऑफिसर, बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव और पिकर-पैकिंग के लिए 100 पद।
- वोकेशनल ट्रेनिंग एंड टेक्नोलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट (भूली): एडमिशन को-ऑर्डिनेटर, गेस्ट फैकल्टी, स्कूल एडमिशन को-ऑर्डिनेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और इलेक्ट्रिशियन के पद।
- केके एंटरप्राइजेज (बेना, बागुडीह): असेंबली लाइन ऑपरेटर, क्वालिटी/मेंटेनेंस, सेल्स एग्जीक्यूटिव, डेंटर और पेंटर के पद।
प्रमुख कंपनियां और रिक्तियों का विवरण:
- क्रिएटिव इंजीनियर्स, बेंगलुरु: 400 पद (प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव और आई-फोन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट ऑपरेटर)।
- यशस्वी ग्रुप, अहमदाबाद: 225 पद (लर्न एंड अर्न ट्रेनी, एनएपीएस ट्रेनी और सीएनसी मशीन ऑपरेटर)।
- नीड्स मैनपावर सपोर्ट सर्विसेज, बेंगलुरु: 150 पद (टाटा, होंडा, श्नाइडर जैसी कंपनियों के लिए टैप एसोसिएट)।
- वेनोदा सर्विस प्राइवेट लिमिटेड: 150 पद (वेयरहाउस एसोसिएट, मशीन ऑपरेटर और सिक्योरिटी गार्ड)।
- एल एंड टी (L&T) कंस्ट्रक्शन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट: 140 पद (वेल्डर, फिटर, इलेक्ट्रिशियन, सीएनसी/वीएमसी मशीन ऑपरेटर)।
- एनटीटीएफ (NTTF) बेंगलुरु: 100 पद (ट्रेनी ऑपरेटर)।
- सीआईपीईटी (CIPET) रांची: 100 पद (मशीन ऑपरेटर)।
- भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड, रांची: 100 पद (डिलीवरी बॉय)।
नियोजन पदाधिकारी की अपील: ये दस्तावेज लाना है जरूरी
नियोजन पदाधिकारी धनबाद, पद्मा कुमारी ने बताया कि मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को पूरी तैयारी के साथ आना होगा। युवाओं को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाना अनिवार्य है:
- सभी शैक्षणिक और प्रशैक्षणिक (Technical) प्रमाण पत्रों की छायाप्रति (Photocopy)।
- आधार कार्ड और 2 पासपोर्ट साइज फोटो।
- झारखंड के किसी भी नियोजनालय का वैध निबंधन कार्ड (Employment Exchange Card/Registration)।
- अपडेटेड बायोडाटा/रिज्यूमे।
- अंचलाधिकारी (CO) स्तर से निर्गत स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र।
जॉब लोकेशन: धनबाद, बोकारो, रांची के अलावा बेंगलुरु, गुजरात, महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर शामिल हैं।