धनसार हत्याकांड: पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या, छानबीन में जुटी पुलिस।

004" crossorigin="anonymous">

धनबाद: कोयलांचल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला धनसार थाना क्षेत्र का है, जहां मंगलवार सुबह चांदमारी ग्राउंड के समीप एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दहुहाटांड़ निवासी जितेश कुमार के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने बेरहमी से हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से जितेश के चेहरे को भारी पत्थर से कुचल दिया।

काम के सिलसिले में निकला था घर से

परिजनों के अनुसार, जितेश सोमवार शाम को कुछ लोगों के साथ काम के सिलसिले में घर से निकला था। रात 11 बजे तक परिजनों की उससे बात हुई, लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। लगातार फोन करने पर भी उसने कॉल रिसीव नहीं किया।

फोन पर सुनाई दी थी झगड़े की आवाज

मृतक के चाचा टुनटुन कुमार ने बताया कि रात लगभग 12:30 बजे किसी ने फोन उठाया, लेकिन कोई बात नहीं की। फोन लाइन पर किसी विवाद या झगड़े का शोर सुनाई दे रहा था, जिसके बाद फोन कट गया। करीब 1:30 बजे मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। रात भर तलाश करने के बाद सुबह जंगल की ओर शव मिलने की सूचना मिली।

पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी

सूचना मिलते ही धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक बाइक, मोबाइल फोन और खून से सना पत्थर बरामद किया गया है। थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या कहीं और करके शव को यहां फेंकने का मामला लग रहा है।

पुलिस आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी के एंगल से जांच कर रही है। परिजनों ने कुछ संदिग्धों के नाम बताए हैं, जिनके आधार पर छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH भेज दिया गया है।